चंदौली में धूमधाम से मनाया गया विश्व हिंदू परिषद का स्थापना दिवस

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (चंदौली):
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का स्थापना दिवस समारोह आज दिनांक 07 सितम्बर 2026, सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मोदी नगर स्थित विजय विला बैंक्वेट (नियर जायसवाल स्कूल) में अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। श्रद्धेय अशोक सिंहल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ सायंकाल 04:00 बजे हुआ, जिसमें संगठन के दायित्ववान कार्यकर्ताओं एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की भारी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सद्गुरु कबीर जन्मस्थली, लहरतारा (वाराणसी) से पधारे परम पूज्य डॉ. रविभूषण दास जी उपस्थित रहे। अपने आशीर्वचन में उन्होंने समाज में सनातन धर्म के मूल्यों, संस्कारों और रक्षा के प्रति विहिप के योगदान की सराहना की।
मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (काशी प्रांत) के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं प्रज्ञा प्रवाह के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य आदरणीय रामाशीष जी (‘भाई साहब’) ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विहिप निरंतर हिंदू समाज को संगठित करने, समरसता स्थापित करने और राष्ट्रीय स्वाभिमान को जागृत करने के कार्य में समर्पित है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमन सिंह (दीनदयाल नगर) ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भूमिका और संगठन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद, चंदौली के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के प्रबुद्धजन एवं संभ्रांत नागरिक सपरिवार उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।





