प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिकोत्सव “स्पंदन–3” हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न



कुरहना पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिकोत्सव “स्पंदन–3” का भव्य आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अरुण कुमार गुप्ता, एडिशनल चीफ जस्टिस (रेलवे) डीडीयू नगर रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजीव मोहन सक्सेना, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) मुगलसराय एवं पवन कुमार यादव, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सकलडीहा की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही वारिज नयन, चीफ वर्कशॉप मैनेजर (रेलवे) डीडीयू नगर एवं ख्याति रानी (पत्नी प्रीतम सिंह), डिप्टी चीफ इंजीनियर डीडीयू नगर भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंच संचालन कक्षा 11 की छात्राओं जुनैरा, गगनदीप, मांडवी एवं लकी द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। मंचीय कार्यक्रमों के सफल संचालन में शिक्षक राधे मोहन पाण्डेय एवं राजेन्द्र कुमार का विशेष सहयोग रहा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समन्वय सुनेजा मैम द्वारा किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला में गणेश वंदना, पीजी, एलकेजी एवं यूकेजी के नन्हें विद्यार्थियों के आकर्षक नृत्य, देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा नृत्य एवं मनमोहक बॉलीवुड प्रस्तुति ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं(वार्षिक खेल, विज्ञान-प्रदर्शनी इत्यादि) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पदक व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। *विशेष रूप से प्रस्तुत नटराज नृत्य ने अपनी अद्भुत अभिव्यक्ति, भाव-भंगिमा एवं लयात्मक समन्वय से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा सभागार में भारतीय सांस्कृतिक चेतना एवं आध्यात्मिकता का अनूठा संचार किया, जिसे दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया।*
विद्यालय के प्रबंधक सूर्यभान सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के नैतिक एवं शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देते हुए ऐसे आयोजनों को प्रतिभा निखारने का सशक्त माध्यम बताया। सह-प्रबंधक उदयभान सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं संस्कारों के साथ शिक्षा ग्रहण करने हेतु प्रेरित किया। डायरेक्टर दिवाकर यादव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीन राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने विद्यालय की निरंतर प्रगति में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के योगदान की प्रशंसा की।
प्रधानाचार्य सुनील कुमार द्विवेदी ने अपने वक्तव्य में विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम एवं लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के कोऑर्डिनेटर कुमार नन्दजी व समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी उपस्थित रहीं तथा अन्य अतिथियों में डॉ अनिल यादव,सतीश जिंदल,बिनीता अग्रहर,डिम्पल सिंह, अभिषेक गोस्वाम,राहुल मेहनी,संजय पाण्डेय इत्यादि हजारों पैरेंट्स उपस्थित रहे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।






