निपुण सम्मान समारोह एवं “हमारा आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम संपन्न

निपुण सम्मान समारोह एवं “हमारा आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम संपन्न

 

चंदौली/दिनांक 28 मार्च 2026

 

जनपद में निपुण सम्मान समारोह एवं “हमारा आंगन हमारे बच्चे” कार्यक्रम का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंदौली ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डायट प्राचार्य श्री विकायल भारती तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सीडीपीओ चंदौली उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात एसआरजी श्री सुभाष सिंह यादव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में एसआरजी श्री जय प्रकाश यादव ने निपुण भारत मिशन 2020 के परिप्रेक्ष्य में प्राथमिक एवं पूर्व प्राथमिक शिक्षा में वर्ष 2021 से अब तक सरकार द्वारा किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने स्कूल रेडिनेस फेज-1 एवं फेज-2 की चर्चा करते हुए इसे प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने की रणनीतियों पर भी विचार साझा किए। साथ ही निपुण विद्यालयों के समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए अन्य विद्यालयों को भी निपुण बनने हेतु प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य श्री विकायल भारती ने शिक्षकों से निष्ठापूर्वक कार्य करते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री सचिन कुमार ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम में निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, नोडल शिक्षण संकुल, नोडल शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सुपरवाइजर, समस्त आरपी एवं एसआरजी सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर डायट प्राचार्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सीडीपीओ चंदौली द्वारा संयुक्त रूप से निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, नोडल शिक्षक, नोडल शिक्षण संकुल, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सुपरवाइजर को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विशेष रूप से तीनों एसआरजी—श्री जय प्रकाश यादव, श्री सुभाष सिंह यादव एवं श्रीमती अनिता कुमारी के विद्यालयों के निपुण होने पर उन्हें मोमेंटो, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी श्री सुभाष सिंह यादव द्वारा किया गया।

यह कार्यक्रम निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों की प्राप्ति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दिनांक 23.9.24 को मानवाधिकार न्यूज़ के राष्ट्र अध्यक्ष संजय जी के पुत्र सक्षम का जन्मदिन था, और इस उपलक्ष में उनके द्वारा जरूरतमंदों को खाना एवं मिठाई बांटने का काम किया गया, अध्यक्ष जी का कहना है की जन्मदिन पर केक काटने के साथ-साथ बच्चों को यह भी संस्कार दिए जाने चाहिए।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड नंबर 7 महमूदपुर कैलाशपुरी जोड़ने वाला रोड जर्जर हालत में, जिम्मेदार बेपरवाह

मानवाधिकार न्यूज़, चंदौली:
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर 7 में महमूदपुर से कैलाशपुरी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुका है। यह सड़क करीब 5 वर्ष पूर्व बनाई गई थी, लेकिन अब इसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में इस सड़क पर चलना बेहद खतरनाक हो जाता है। आए दिन दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह सड़क अब जानलेवा बन चुकी है।

सबसे गंभीर बात यह है कि इस सड़क की दुर्दशा की जानकारी कई बार सभासद और नगर निगम अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों में नगर प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है और वे सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक वे बदहाल सड़कों पर चलने को मजबूर रहेंगे?

स्थानीय नागरिकों ने मानवाधिकार न्यूज़ के माध्यम से नगर निगम से अपील की है कि इस सड़क की मरम्मत शीघ्र कराई जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।