नेशनल पब्लिक स्कूल बबुरी में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

नेशनल पब्लिक स्कूल बबुरी में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

 

बबुरी, चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नेशनल पब्लिक स्कूल बबुरी, चंदौली में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गुरुकुल ग्रामीण शिक्षण समिति के सचिव श्री अशोक कुमार पाठक, मानवाधिकार न्यूज़ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री संजय रस्तोगी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री जयवीर गुप्ता तथा जिला अध्यक्ष श्री मनोज मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया गया।

 

ध्वजारोहण के पश्चात अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा मां सरस्वती का पूजन एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इसके बाद विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मनमोहक सांस्कृतिक एवं मनोरंजन कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति की अद्भुत झलक देखने को मिली, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के पूर्व में सफल रहे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए गोल्ड मेडल एवं सिल्वर मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को मिठाई वितरित की गई।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की दोनों शाखाओं के प्रधानाचार्य अनंत प्रकाश एवं डी.एन. तिवारी सहित अध्यापिकाएं दुर्गा जायसवाल, प्रियंका मौर्या, प्रियंका पांडेय, अंजू लता, मंजू लता, संगीता जायसवाल, सरिता तिवारी सहित समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। वहीं अध्यापकों में विजय पाठक, सुजीत तिवारी, अजीत तिवारी, प्रहलाद, मनोज श्रीवास्तव, संतोष मौर्य, इकबाल खान, रितेश यादव सहित समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम का संचालन छात्राओं के साथ रघुवंश पासवान, प्रियांशु पाठक, दिव्यांशु पाठक, अजीत पाठक, नीरज आदि ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक श्री अरुण कुमार पाठक एवं अध्यक्ष श्री अखिलेश कुमार पाठक ने की।

 

विद्यालय प्रबंधन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों में देशभक्ति, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना ही शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य है। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर वार्ड नंबर 7 महमूदपुर कैलाशपुरी जोड़ने वाला रोड जर्जर हालत में, जिम्मेदार बेपरवाह

मानवाधिकार न्यूज़, चंदौली:
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर 7 में महमूदपुर से कैलाशपुरी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बेहद खराब स्थिति में पहुंच चुका है। यह सड़क करीब 5 वर्ष पूर्व बनाई गई थी, लेकिन अब इसमें बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में इस सड़क पर चलना बेहद खतरनाक हो जाता है। आए दिन दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह सड़क अब जानलेवा बन चुकी है।

सबसे गंभीर बात यह है कि इस सड़क की दुर्दशा की जानकारी कई बार सभासद और नगर निगम अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों में नगर प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश है और वे सवाल कर रहे हैं कि आखिर कब तक वे बदहाल सड़कों पर चलने को मजबूर रहेंगे?

स्थानीय नागरिकों ने मानवाधिकार न्यूज़ के माध्यम से नगर निगम से अपील की है कि इस सड़क की मरम्मत शीघ्र कराई जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।