गुरैनी पंप कैनाल के पास गंगा कटान रोकने के चल रहे कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण – चंदौली

गुरैनी पंप कैनाल के पास गंगा कटान रोकने के चल रहे कार्यों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

 

सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा हो कटान-रोधी कार्य जिलाधिकारी

 

 

चंदौली/दिनांक 22 जून, 2026

 

गंगा नदी के तटीय क्षेत्रों में हो रहे भू-कटान की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरैनी पंप कैनाल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गंगा नदी के तट पर चल रहे कटान-रोधी एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गुरैनी पंप कैनाल के समीप गंगा नदी से हो रहे कटान की अद्यतन स्थिति को देखा। उन्होंने मौके पर उपस्थित अभियंताओं से चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की तकनीकी बारीकियों और उनकी प्रगति के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानसून और तटीय सुरक्षा के दृष्टिगत किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रभावित क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए दोहरे स्तर पर कार्य करने की रणनीति पर बल दिया।

 

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि गंगा तट पर हो रहे कटान को रोकने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक और मरम्मत कार्यों को *सर्वोच्च प्राथमिकता* पर तत्काल पूरा किया जाए, ताकि स्थानीय ग्रामीणों और कृषि भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।

 

गंगा तट के स्थायी संरक्षण के लिए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा, बंधी डिवीजन को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को कटान से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए एक व्यापक व विस्तृत परियोजना (DPR) अविलंब तैयार किया जाए और उसे शासन स्तर पर स्वीकृति हेतु शीघ्र अति शीघ्र प्रस्तुत किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय किसानों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनकी फसलों और भूमि की सुरक्षा के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और बाढ़ व कटान जैसी आपदाओं से निपटने के लिए सभी पुख्ता इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएंगे।

 

किसान नेता दीनानाथ श्रीवास्तव द्वारा स्थानीय क्षेत्र के कृषकों की समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। स्थलीय निरीक्षण के समय मौके पर मुख्य रूप से अधिशासी अभियंता, बंधी प्रखंड, अधिशासी अभियंता, लघु डाल अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

तमन्चे व नकदी संग चोर गिरफ्तारचहनिया चन्दौलीबलुआ पुलिस ने चंकिग के दौरान शनिवार को नाथूपुर तिराहा से अन्तर जनपदीय शातिर चोर रोहन निषाद पुत्र दिनेश निवासी पूरा गनेश, थाना बलुआ को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा व एक फायरशुदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त 11,400रूपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथियों भोला निषाद, आकाश निषाद, महेश निषाद व ईश्वरचंद्र निषाद के साथ मिलकर बलुआ क्षेत्र सहित जनपद के कई हिस्सों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते है। गांव के अजय केवट व लोरिक गुप्ता के घरों में चोरी की थी और चोरी का सामान राहगीरों व कबाड़ियों को औने-पौने दामों में बेच दिया। इसके अलावा जुलाई माह में उसने थाना धीना क्षेत्र के बैरिक कला गांव में एक घर से गहने और 5000रूपये नकद चुराए थे। अगस्त माह में अपने साथी आकाश निषाद के साथ थाना अलीनगर क्षेत्र के बसनी गांव स्थित शिवमंदिर से चांदी के आभूषण व घंटे चोरी किए थे। उसने मसौनी गांव के काली माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात को भी स्वीकार किया। रोहन ने बताया कि चोरी की घटनाओं के दौरान वह आत्मरक्षा हेतु तमंचा अपने पास रखता था। पुलिस ने बरामद असलहे के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है और अन्य मामलों में जांच तेज कर दी है।