“पानी अल्लाह की नेमत है इसका एहतराम करें”- मौलाना मोहम्मद मेंहदी

-मुहर्रम की सातवीं तारीख़ से करबला में बंद हो गया था पानी, शुक्रवार को निकलेगा दुलदुल

-दुलहीपुर, बनारस, ऐंलहीं, डिग्घी, बसिला, सिकंदरपुर से आए अज़ादारों ने किया मातम

चंदौली। करबला में शहादत के वक्त इमाम हुसैन ने अपने चाहने वालों से कहा था कि जब कभी ठंडा पानी पीना अपने इमाम की कुर्बानी को याद करना। करबला की जंग में इंसानियत के साथ-साथ हम सबकी जिंदगी में पानी का महत्व भी बताती है। यजीदी फौजों को जब ये लगा कि वो इमाम और उनके बहत्तर साथियों से जीत नहीं सकते तो उन्होंने पानी के एकमात्र स्रोत नहरे फ़रात पर फौजों का कब्जा लगा दिया। इमाम के काफिले में मौजूद छोटे-छोटे बच्चे रेगिस्तान में तीन दिन तक पानी को तरस गए।

स्वर्गीय डाक्टर अब्दुला मुजफ्फर के अजाखाना-ए-रजा में सातवीं मुहर्रम की मजलिस खिताब फरमाते हुए मौलाना मोहम्मद मेंहदी ने पानी को खुदा की सबसे बड़ी नेमत बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में पानी का संकट पैदा हो गया है। इमाम हुसैन ने कहा था कि पानी हमेशा इज्जत करो। रसूले अकरम की भी हदीस है कि पानी पिलाना सबसे बड़ा सवाब का काम है। इसलिए हम सबका फर्ज है कि पानी की किसी भी हाल में न खुद बर्बादी करें न दूसरों को करने दें। मौलाना ने इमाम हुसैन ने के भतीजे जनाबे कासिम के मसायब पढ़े। जनाबे के कासिम को करबला के मैदान में बेरहमी से कत्ल करने के बाद उनकी लाश पर हजारों घोड़े दौड़ा दिए गए थे जिसकी वजह इमाम हुसैन को सिर्फ उनके शरीर के टुकड़े मिले। डाक्टर एस. जी. इमाम ने बताया शुक्रवार को दुलदुल निकलेगा जिसे इमाम हुसैन की सवारी कहा जाता है। अज़ादार दुलदुल को दूध पिलाकर मन्नत मांगते हैं।

दुलहीपुर से आई अंजुमन नासेरूल अजा ने अपने पुरखुलूस अंदाज में मसायबी नौहे पढ़े जिसके बाद मजलिस में मौजूद अज़ादार रोने लगे। मशहूर शायर वक़ार सुल्तानपुरी ने इमाम हुसैन की बहन जनाबे जैनब के हवाले से नौहे पढ़े जिसमें इमाम हुसैन के बाद करबला का दर्दनाक मंजर पेश हुआ। इस दौरान मायल चंदौलवी, सरवर भाई, खुर्रम, शहंशाह, सैयद अली इमाम दानिश, रियाज अहमद, नौशाद, सफदर हुसैन, इमरान आदि मौजूद रहे।

ओडवार निवासी भगत पर जानलेवा हमला — इलाज के दौरान मौत, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली (उत्तर प्रदेश):
पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर के ओडवार निवासी युवक भगत पर दो दिन पूर्व कुछ अज्ञात हमलावरों ने सरेराह जानलेवा हमला कर दिया। हमला उस वक्त हुआ जब भगत किसी काम से लौट रहे थे। रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया, पैसे छीन लिए और बेरहमी से मारपीट की।

घटना के बाद घायल अवस्था में भगत को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां लगातार इलाज के बावजूद आज उनकी मौत हो गई। यह दुखद घटना पूरे क्षेत्र में आक्रोश और शोक का कारण बन गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीद गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है, और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

परिजन इस घटना से बेहद आहत हैं और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।