लापरवाही की भेंट चढ़ा दरियापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 10 बजे तक लटकता रहा ताला-
चहनियां चंदौली
विकास खण्ड चहनियां के अंतर्गत आने वाले अति प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) दरियापुर में डॉक्टरों और कर्मचारियों की घोर लापरवाही सामने आई है। सरकार द्वारा लाखों रुपये की लागत से बने इस नए मॉडल अस्पताल में तैनात स्टाफ की मनमानी के कारण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर आ गई है।
ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जब सुबह 10:00 बजे अस्पताल का औचक दौरा किया गया, तो मुख्य दरवाजे पर ताला लटकता मिला। दूर-दराज के गांवों से इलाज और दवा लेने आए दर्जनों गरीब मरीज और उनके परिजन भीषण गर्मी में अस्पताल परिसर के बाहर परेशान होते रहे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यहाँ तैनात चिकित्सक डॉ. आदिति सिंह और कम्पाउंडर पोरस राय कभी समय पर नहीं आते। अगर कभी आते भी हैं, तो दोपहर 11 से 12 बजे के बीच आते हैं।
ग्रामीणों ने दोनों कर्मियों के बीच एक अनोखे ‘तालमेल’ का भी पर्दाफाश किया। आरोप है कि दोनों पूरे सप्ताह में महज एक या दो दिन आकर अपनी हाजिरी का कोरम पूरा कर लेते हैं। कमाल की बात यह है कि जिस दिन डॉक्टर आती हैं, उस दिन कम्पाउंडर गायब रहता है और जिस दिन कम्पाउंडर आता है, उस दिन डॉक्टर नदारद रहती हैं।
इस गंभीर अव्यवस्था के संबंध में जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी संदीप कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों कर्मचारियों की ऊंची राजनीतिक पहुंच है, जिसके आगे स्थानीय प्रभारी भी लाचार नजर आते हैं।
परेशान ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी (DM) और जिला चिकित्साधिकारी (CMO) से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।






