*अस्सी घाट पर ‘खुशी की उड़ान’ का देवोत्सव, रंगोली के रंगों में सजी काशी की संस्कृति और विरासत*

वाराणसी। धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी में देव दीपावली का पर्व अपने आप में अद्भुत और अलौकिक छटा बिखेरता है। लाखों दीपों की रोशनी से जगमगाते गंगा के घाट और आकर्षक रंगोलियों से सजी धरती इस महापर्व की सुंदरता को और भी भव्य बना देती है। इसी दिव्य और सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ‘खुशी की उड़ान ट्रस्ट’ द्वारा *जय माँ गंगा सेवा समिति* के सहयोग से काशी के सुप्रसिद्ध अस्सी घाट पर दीप प्रज्वलन एवं भव्य रंगोली कार्यक्रम *‘देवोत्सव’* का आयोजन किया जा रहा है।
इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण काशी की गौरवशाली संस्कृति, पौराणिक विरासत, धार्मिक आस्था और आधुनिक स्वरूप अर्थात नए काशी की मनोहारी छवि को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत करना है। कलाकारों द्वारा बनाई जा रही आकर्षक रंगोलियों में काशी की आध्यात्मिक पहचान, भगवान शिव की महिमा, गंगा घाटों की भव्यता और काशी की सांस्कृतिक धरोहर को विशेष रूप से दर्शाया जा रहा है। लाखों दीपों से जगमगाते घाटों के बीच इन रंगोलियों की अनुपम छटा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रही है।
इस वर्ष के देवोत्सव में एक विशेष आकर्षण श्री विजय मूर्तिकार भी हैं, जिन्होंने आंखों पर पट्टी बांधकर भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का निर्माण किया। उनकी यह अद्भुत कला और साधना कार्यक्रम को एक विशिष्ट पहचान प्रदान कर रही है।
काशी की देव दीपावली केवल दीपों का उत्सव नहीं, बल्कि यहां की आस्था, परंपरा, कला और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत उत्सव है। अस्सी घाट पर दीपों की रोशनी और रंगोलियों के माध्यम से संस्था का प्रयास काशी की इसी विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।
संस्था की संस्थापिका अधिवक्ता सारिका दुबे ने कहा कि देव दीपावली काशी की आत्मा से जुड़ा पर्व है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हमारी संस्था अस्सी घाट पर देवोत्सव के माध्यम से काशी की संस्कृति, कला और आध्यात्मिक महिमा को समर्पित एक सुंदर आयोजन कर रही है। हमारा उद्देश्य केवल रंगोली बनाना या दीप प्रज्वलित करना नहीं, बल्कि काशी की गौरवशाली विरासत को कला के माध्यम से जीवंत करना और देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के स्वागत में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में रंगोली निर्माण में विशेष योगदान देने वाले कलाकारों में बालाघाट, मध्यप्रदेश से आईं तथा वाराणसी स्थित इंस्टिट्यूट ऑफ फाइन आर्ट्स की छात्राएं आँचल चौधरी, निहारिका प्रधान और श्रुति, प्रगति, शुभोनिता शामिल हैं, जो अपनी कलात्मक प्रतिभा से काशी की सुंदर छवि को रंगों में उकेर रही हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली कलाकारों एवं प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन में संस्था के कोषाध्यक्ष चितेश्वर सेठ, डिजिटल हेड विशाल,कृतिका दुबे, आदित्य जायसवाल, आहिल खान,माहिर, किशन, स्वीटी, रेखा,प्रेमलता प्रिंस सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं सहयोगी सक्रिय रूप से अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।
‘खुशी की उड़ान’ का यह देवोत्सव काशी की परंपरा, कला, संस्कृति और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संगम बनकर देव दीपावली की भव्यता में एक विशेष रंग भर रहा है।






